ट्यूनिस, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। ट्यूनीशिया में गेब्स तट पर लगभग 750 टन ईंधन ले जा रहा एक जहाज डूब गया। ये जानकारी ट्यूनीशिया के अधिकारियों ने दी। ट्यूनीशिया के पर्यावरण मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा, ट्यूनीशियाई नौसेना ने गिनी के झंडे वाले जहाज के सभी 7 चालक दल के सदस्यों को बचा लिया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय ने कहा कि वह इस घटना से एक पर्यावरणीय आपदा को रोकने पर काम कर रहा है। मंत्रालय ने कहा कि खराब मौसम और समुद्र की हलचल के कारण मिस्र के बंदरगाह दमिएटा से जहाज माल्टा के अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंचने में विफल रहा। चालक दल ने गेब्स तट से सात मील दूर एक कॉल भेजा, जिसमें कहा गया कि पानी इंजन कक्ष में दो मीटर की ऊंचाई तक रिस गया है। –आईएएनएस एसएस/एसकेपी





