नई दिल्ली /रफ्तार डेस्क । ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर बुधवार को अपनी दो दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात से पहले वे भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व अजित पवार ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री स्टार्मर के साथ लंदन से एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
मुंबई में पीएम मोदी और कीर स्टार्मर की होगी मुलाकात
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मुंबई में मुलाकात करेंगे। यह बैठक भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। दोनों नेता मुंबई में आयोजित सीईओ मंच और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में भी शामिल होंगे। बैठक के दौरान व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष, रक्षा, जलवायु, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आपसी संबंधों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। यह बातचीत ‘विजन 2035’ के तहत भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा पर केंद्रित होगी।
उद्योग जगत के लोगों से चर्चा करेंगे मोदी और स्टार्मर
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टार्मर भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते से जुड़े अवसरों को लेकर व्यवसायियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। यह समझौता दोनों देशों के बीच भविष्य की आर्थिक साझेदारी का एक केंद्रीय स्तंभ माना जा रहा है। बैठक में दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। इसके अलावा, वे उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और इनोवेटर्स के साथ भी संवाद करेंगे।
ब्रिटिश पीएम की यह भारत यात्रा काफी अहम
ब्रिटिश प्रधानमंत्री की भारत यात्रा ऐसे वक्त में हो रही है जब दोनों देश जुलाई में प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान आगे बढ़े मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर काम को आगे बढ़ा रहे हैं। वैश्विक परिदृश्य में, खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति के दबाव के बीच भारत और ब्रिटेन अपने व्यापारिक और भू-राजनीतिक संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच आपसी साझेदारी को और मजबूती देने का अवसर मानी जा रही है।
भारत दौरे पर कीर स्टार्मर का पूरा कार्यक्रम
ब्रिटिश प्रधानमंत्री स्टार्मर दो दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को कई कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। आज वह मुंबई के कूपरेज ग्राउंड में फुटबॉल इवेंट में शामिल होंगे, इसके बाद यश राज स्टूडियो का दौरा करेंगे और प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। शाम को उनकी भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ अहम द्विपक्षीय बातचीत निर्धारित है। गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी उच्च-स्तरीय राजनयिक वार्ता होगी। इसके अलावा वह ग्लोबल फिनटेक फेस्ट और CEO फोरम में भी संबोधन देंगे।




