नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । एशिया कप 2025 में भारत के युवा सितारे खूब चमके है। टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ने बल्लेबाजी में धुआंधार खेल दिखाया, तो कुलदीप यादव की गेंदबाजी ने विपक्षी टीम की नींद उड़ा दी। दोनों की जबरदस्त प्रदर्शन ने टीम इंडिया की ताकत और उम्दा प्रतिभा को पूरी दुनिया के सामने ला दिया।
अब आईसीसी ने अभिषेक शर्मा और कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया है। तीसरे नाम में जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट भी शामिल हैं, जिनका सितंबर महीना शानदार रहा। इन तीनों में से किसी एक को ही यह प्रतिष्ठित अवार्ड मिलेगा।
अभिषेक शर्मा का एशिया कप में शानदार प्रदर्शन
एशिया कप में अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया। फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता, और अभिषेक के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें पूरे टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
अभिषेक शर्मा ने इस टूर्नामेंट में सात टी20 इंटरनेशनल मैच खेले और कुल 314 रन बनाए। उन्होंने 200 से अधिक के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ तीन अर्धशतक भी जमाए, जो उनके विस्फोटक और प्रभावशाली प्रदर्शन को दर्शाते हैं।
ICC टी20 रैंकिंग में दबदबा कायम
इस बीच अभिषेक शर्मा ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी अपना दबदबा कायम रखा है। उनकी रेटिंग अब 931 तक पहुंच गई है, जो टी20 रैंकिंग में अब तक की सर्वाधिक रेटिंग है। यह एक रिकॉर्ड है जो जल्द टूटने वाला नहीं दिखता। अब यह देखने की बात है कि क्या अभिषेक इसे और बढ़ा पाएंगे।
कुलदीप यादव ने किया शानदार प्रदर्शन
दूसरे नॉमिनेट खिलाड़ी कुलदीप यादव की बात करें तो उन्होंने एशिया कप 2025 में कमाल का प्रदर्शन किया। कुलदीप ने 17 विकेट अपने नाम किए और मात्र 6.27 के शानदार इकॉनमी रेट से रन खर्च किए। खासतौर पर यूएई के खिलाफ उन्होंने केवल सात रन देकर चार विकेट झटके थे।
जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट भी नॉमिनेट
फाइनल में भारत-पाकिस्तान मुकाबले में कुलदीप यादव ने फिर धमाकेदार गेंदबाजी की, सिर्फ 30 रन खर्च कर चार विकेट चटकाए। वहीं, जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट को भी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया गया है। उन्होंने सितंबर में 497 रन बनाए, औसत 55.22 और स्ट्राइक रेट 165.66 का रिकॉर्ड रखा। जल्द ही आईसीसी विजेता का नाम घोषित करेगी।




