बीजिंग, 23 मार्च (आईएएनएस)। ब्रिक्स देश वैक्सीन अनुसंधान व विकास केंद्र का 22 मार्च को ऑनलाइन शुभारंभ किया गया। पांच देश वैक्सीन के संयुक्त रूप से अनुसंधान व विकास और परीक्षण, कारखानों का निर्माण, अधिकृत उत्पादन और मानकों की आपसी मान्यता जैसे क्षेत्रों में आदान-प्रदान और सहयोग को गहरा करेंगे, जो ब्रिक्स देशों के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य और वैक्सीन अनुसंधान व विकास में सहयोग को मजबूत करने पर एक और ठोस कदम है। चीन के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री वांग चगांग ने उसी दिन आयोजित ब्रिक्स देश वैक्सीन अनुसंधान व विकास केंद्र का शुभारंभ समारोह और वैक्सीन सहयोग संगोष्ठी में कहा कि ब्रिक्स व्यवस्था उभरते बाजारों और विकासशील देशों के लिए एक होकर आत्म-सुधार प्राप्त करने के लिए एक मॉडल है और वैश्विक शासन को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण शक्ति है। हम ब्रिक्स देश वैक्सीन अनुसंधान व विकास केंद्र के अवसर के रूप में आदान-प्रदान और सहयोग को गहरा करेंगे और महामारी से लड़ने में सहयोग को बढ़ावा देते हुए ब्रिक्स देशों की जिम्मेदारी का प्रदर्शन करेंगे। शुभारंभ समारोह में ब्रिक्स देशों ने संयुक्त रूप से वैक्सीन सहयोग को मजबूत करने और महामारी विरोधी रक्षा-पंक्ति के निर्माण की पहल को आगे बढ़ाया। जिसमें वैश्विक सार्वजनिक वस्तुओं के रूप में टीकों को निष्पक्ष रूप से वितरित करना और विकासशील देशों में टीकों की सुलभता शामिल हैं। साथ ही कहा गया कि संक्रामक रोगों को रोकने और नियंत्रित करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य मामलों से निपटने के लिए ब्रिक्स देशों की क्षमता को बढ़ाने के लिए संयुक्त रूप से अनुसंधान व विकास को मजबूत किया जाएगा। (साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) –आईएएनएस एएनएम




