झांसी, एजेंसी। अदाणी समूह की कंपनियों द्वारा लाखों करोड़ की वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी के झांसी मंडल के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अरशद खान तथा जिला प्रभारी दीनदयाल काका के नेतृत्व में तथा बुंदेलखंड प्रांत की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, प्रांतीय सचिव अर्पित सिंह, महानगर अध्यक्ष गयादीन कुशवाहा की उपस्थिति में विरोध-प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन मंडलायुक्त को सौंपा।
मोदी और अडानी की मिलीभगत से हुआ घोटाला
जिला प्रभारी दीनदयाल काका ने कहा कि भारत इस समय प्रधानमंत्री मोदी और अडानी की मिलीभगत से किये गए इतने बड़े वित्तीय घोटाले से स्तब्ध है और देश में आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। पिछले कुछ दिनों में देश के करोड़ों नागरिकों का अदाणी की कम्पनी में साढ़े ग्यारह लाख करोड़ रुपये डूब गए जो उन्होंने अपने खून पसीने से बचत कर निवेश किया था इतने सब के बाद भी देश के प्रधानमंत्री मोदी खामोश बैठे हैं।
सरकारी कम्पनियों के निवेश पर सवाल
जिलाध्यक्ष अरशद खान ने कहा कि देश जानना चाहता है कि कैसे 2014 के पहले विश्व के 500 अमीर लोगों में शामिल न रहने वाला अदाणी कुछ ही सालों में विश्व का तीसरा सबसे अमीर व्यक्ति बन गया। कैसे एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक और एलआईसी जैसी सरकारी संस्थाओं का पैसा अदाणी की कंपनियों में निवेश किया गया। कैसे देश के सारे संसाधन एक व्यक्ति गौतम अदाणी को दे दिए जिसमें रेलवे, एयरवेज, कोयला, बिजली, पानी, सड़क, स्टील, तेल, सीमेंट गैस आदि शामिल है। राष्ट्रवाद की आड़ में अडाणी – मोदी अपना भ्रष्टाचार छुपा नहीं सकते।
सदन में 267 के आधार पर अदाणी के घोटाले पर चर्चा की मांग
प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि अदाणी दुनिया के दो नंबरी का अमीर बनने के बाद भी वो भारत के टॉप 15 टैक्स पेयर की सूची में नहीं है, आखिर किसकी मेहरबानी से ? अदाणी और उनके भाइयों ने मिलकर 38 फ़र्ज़ी कंपनियां खोलकर देश के साथ फ्रॉड किया है। प्रांतीय सचिव अर्पित सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद यूपी प्रभारी संजय सिंह द्वारा सदन में 267 के आधार पर अदाणी के घोटाले पर चर्चा की मांग की। अमृतकाल में इस ज़हरीले घोटाले की जांच हो क्योंकि इसमें निवेशकों के साढ़े ग्यारह लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं लेकिन सरकार किसी भी हालत में जांच के लिए तैयार नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो निष्पक्ष जांच
महानगर अध्यक्ष गयादीन कुशवाहा ने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्यपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री से मांग करती है कि प्रधानमंत्री इस मामले में जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) से सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच और अडानी समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष गौतम अडानी के साथ-साथ सभी संबद्ध महत्वपूर्ण लोगों के पासपोर्ट जब्त कराएं।




