नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव के रुझानों में कांटे का मुकाबला चल रहा है। शुरुआती दौर में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा था जबकि अब तस्वीर बदलती हुई नजर आ रही है। चुनाव आयोग के अनुसार रुझानों में BJP को 48 सीट के साथ बहुमत मिल चुका है जबकि कांंग्रेस 36 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर चल रही है। कांग्रेस और BJP को बीच कांटे का मुकाबला चल रहा है।
चुनाव आयोग द्वारा वोटों की काउंटिंग जारी है
चुनाव आयोग द्वारा वोटों की काउंटिंग जारी है, 12 बजे के बाद यह साफ हो जाएगा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसको बहुमत मिलने जा रहा है। वहीं चुनावी रुझानों में कांग्रेस के अचानक से पिछड़ जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद मीडिया के सामने आए और कहा कि यह तो चुनावी रुझान है। हम चुनाव आयोग के नतीजों के बाद अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट से बढ़त बनाए हुए हैं। उनके खिलाफ इस सीट से भारतीय जनता पार्टी की मंजू, INLD के किशन, AAP के परवीन और JJP की सुशीला देवी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा वर्ष 2009 से गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट चुनाव जीत रहे हैं।
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने एक मीटिंग बुलाई है
वहीं चुनाव आयोग के रुझानों में भाजपा को हरियाणा में बहुमत के साथ बढ़त मिलने की खबर के बाद BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने एक मीटिंग बुलाई है। वह इस बैठक में हरियाणा विधानसभा चुनावों के परिणामों और अगर उन्हें चुनाव आयोग के नतीजों में भी बहुमत मिल जाती है तो उसके बाद की रणनीति पर चर्चा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी को चुनाव आयोग के रुझानों में हरियाणा में मिल रहे बहुमत को लेकर काफी उत्साह है। सभी इसका श्रेय राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को देने से चुक नहीं रहे हैं। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इसके लिए नायब सिंह सैनी द्वारा राज्य की जनता के लिए लाई गई योजनाओं का हवाला दे रहे हैं।




