नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा नतीजों पर बवाल होता हुआ नजर आ रहा है। शुरुआती दौर में आगे नजर आ रही कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया है कि इलेक्शन कमीशन (EC) बहुत धीमी रफ्तार ने वेबसाइट पर नतीजे अपडेट कर रहा है। इस लेकर जयराम रमेश ने चुनाव आयोग को एक पत्र लिखा है जिसमें गड़बडी की आशंका को जाहिर किया गया है।
ECI को जयराम रमेश का पत्र
जयराम रमेश ने चुनाव आयोग को पत्र में लिखा, ‘सुबह 9 बजे से 11 के बीज दो घंटे में ECI की वेबसाइट पर नतीजों के अपडेट की गति धीमी हो गई है। आप सोच सकते हैं कि इसका गलत फायदा उठाकर लोग गलत नैरेटिव फैलाने लगते हैं और प्रक्रिया को अंडरमाइन कर सकते हैं। इसके उदाहरण आप सोशल मीडिया पर देख सकते हैं। हमें डर है कि इस तरह के नैरेटिव्स का इस्तेमाल मतगणना स्थलों पर प्रक्रिया पर प्रभाव डालने के लिए किया जा सकता है। निवेदन है कि आप अपने ऑफिशियल्स को निर्देशित करें कि वो वेबसाइट को सही नंबरों के साथ जल्द से जल्द अपडेट करें ताकि गलत खबरों पर तुरंत प्रभाव से लगाम कसी जा सके।’
कांग्रेस को सता रहा है गड़बडी का डर
कांग्रेस का इस सवाल को खड़े करने के पीछे का मकसद सही है या गलत इसके लिए चुनाव आयोग के जवाब का इंतजार करना होगा। लेकिन एक बात तो तय है कांग्रेस को इस बात का डर सता रहा है कि गिनती में धांधली की जा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि विनेश फोगाट आगे चल रही हैं जबकि आयोग की वेबसाइट पर उन्हें पिछड़ता हुआ दिखाया जा रहा है। हिमाचल सरकार मे मंत्री जगत नेगी ने भी सवाल किया कि कुछ न कुछ तो गड़बड जरूर की गई है जिसके बल पर भाजपा इतनी कॉन्फिडेंट नजर आ रही है।





