शिमला,एजेंसी। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने गुरुवार को सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह के आयोजन पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने के फैसले को चंद घण्टों में पलट दिया। इस सम्बंध में उच्च शिक्षा निदेशालय ने दो अधिसूचनाएं जारी की है।पहली अधिसूचना में निदेशालय ने सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह के आयोजनों पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने के फरमान जारी किए।
सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह पर लगाई गई रोक
इसके तहत सभी जिला उपनिदेशकों को प्राथमिकता के आधार पर इन आदेशों पर अमल करने और इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर निदेशालय को देने के निर्देश दिए। लेकिन इसके कुछ समय बाद निदेशालय ने नए आदेश जारी कर सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह पर लगाई गई रोक के फैसले को वापस ले लिया। ऐसे में सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह पर कोई रोक नहीं रहेगी।
सरकार के फैसले से स्कूल प्रशासन परेशान हो गए
जानकारी अनुसार सरकार ने परीक्षाओं के चलते छात्र हित में वार्षिक समारोह पर रोक लगाने का फैसला लिया था। लेकिन सरकार के फैसले से स्कूल प्रशासन परेशान हो गए थे। दरअसल कुछ स्कूलों ने वार्षिक समारोहों की सभी तैयारियां कर ली हैं। मेधावियों के लिए मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र तैयार करवा लिए हैं। साथ ही स्कूलों में अन्य तैयारियां भी कर ली गई हैं लेकिन वार्षिक समारोहों पर रोक के आदेशों से स्कूलों की तैयारियों पर पानी फिर गया था। ऐसे में निदेशालय को अपने आदेश वापिस लेने पड़े।





