नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । नई दिल्ली में आयोजित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान एक दिल छू लेने वाला पल देखने को मिला, जब सुपरस्टार शाहरुख खान को मेडल पहनने में थोड़ी दिक्कत हुई और उनकी करीबी दोस्त व सह-विजेता रानी मुखर्जी ने बिना देर किए उनकी मदद की। इस मौके का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें रानी बड़े स्नेह से शाहरुख का मेडल ठीक करती नजर आती हैं। मेडल पहनाने के बाद दोनों के चेहरे पर जो मुस्कान दिखी, उसने फैंस का दिल जीत लिया। प्रशंसक इस पल को ‘बेस्ट फ्रेंड्स गोल्स’ बता रहे हैं और इसे उन पुरानी सुनहरी यादों की तरह देख रहे हैं। एक यूजर ने तो यहां तक कह दिया, “नर्सरी बेबीज आ गए हैं!”
नेशनल अवॉर्ड सेरेमनी में दिखी खूबसूरत केमिस्ट्री
दरअसल, दिल्ली में मंगलवार को 71वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। जिसमें शाहरुख खान और रानी मुखर्जी को उनके करियर का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। लेकिन मंच से परे उनके कुछ कैंडिड पल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं, जो दर्शकों का दिल छू रहे हैं।
एक वायरल वीडियो में शाहरुख, रानी और विक्रांत मैसी एक साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। रानी और विक्रांत जहां बड़ी सहजता से अपना मेडल पहन लेते हैं, वहीं शाहरुख मेडल के स्ट्रैप को सुलझाने की कोशिश करते नजर आते हैं। तभी रानी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ती हैं और दोस्ती का खूबसूरत उदाहरण पेश करते हुए शाहरुख की मदद करती हैं। वह न सिर्फ मेडल पहनने में मदद करती हैं, बल्कि शाहरुख का यह पल कैमरे में कैद करने के लिए अपना सेल्फी मोड भी ऑन कर देती हैं। यह प्यारा लम्हा अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर फैंस ने दी प्रतिक्रियाएं
शाहरुख खान और रानी मुखर्जी की दोस्ती ने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया है। उनके बीच दिखी प्यारी केमिस्ट्री और सहजता देखकर लोग उन्हें “खुशी और उत्साह से भरे बच्चे” कहने लगे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में दोनों जिस तरह से पदक पहनने में एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं, उसके बाद फैंस ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी है। एक यूज़र ने लिखा, “वे बच्चों की तरह व्यवहार कर रहे हैं। किसी भी उम्र में मेडल मिलने का एहसास कुछ अलग ही होता है।” वहीं एक और कमेंट में मजाकिया लहजे में कहा गया, “नर्सरी के बच्चे अपने स्कूल के आई-कार्ड ठीक कर रहे हैं।”
एक फैन ने लिखा, “यह पल यह याद दिलाता है कि आप चाहे कितने भी मशहूर या अमीर क्यों न हो जाएं, मेडल की खुशी आपको फिर से बच्चा बना देती है।” एक अन्य यूजर ने उत्साहित होकर कहा, “कितना प्यारा लम्हा है! बच्चों जैसा ना? मेडल जीतने का एहसास ही खास होता है।” किसी ने रानी और शाहरुख की मासूम हरकतों को देखकर लिखा, “बहुत प्यारा। जिस तरह से उन्होंने अपने मैनेजर को मेडल दिखाया, वह पल दिल को छू गया।” एक सोशल मीडिया यूज़र ने भावुक होकर लिखा, “और खुश चेहरे यहाँ हैं… बधाई हो!” फैंस ने इस पल को ‘दोस्ती की असली मिसाल’ बताया। एक ने लिखा, “इसे दोस्ती कहते हैं,” जबकि दूसरे ने कहा, “हर उम्र में हासिल की गई उपलब्धियां अपने आप में खास होती हैं।”
गौरतलब है कि बॉलीवुड की इस आइकॉनिक ऑन-स्क्रीन जोड़ी ने ‘कुछ कुछ होता है’, ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘चलते चलते’, ‘पहेली’, ‘कभी अलविदा ना कहना’ और ‘वीर-जारा’ जैसी फिल्मों के जरिए दर्शकों को कई यादगार लम्हे दिए हैं। ऑन-स्क्रीन के साथ-साथ ऑफ-स्क्रीन भी इनकी दोस्ती उतनी ही मजबूत और दिलचस्प रही है।
71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इन्हें मिला सम्मान
71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में इस साल बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज कलाकारों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। शाहरुख खान को एटली निर्देशित फिल्म जवान में दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। वहीं, रानी मुखर्जी को मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे में एक सशक्त महिला किरदार निभाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान दिया गया। वहीं, विक्रांत मैसी को भी फिल्म 12वीं फेल में उनके प्रभावशाली अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला।
इसके अलावा, दिग्गज अभिनेता मोहनलाल को भारतीय सिनेमा में 1980 से अब तक के उनके अद्वितीय योगदान के लिए दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया। मुख्यतः मलयालम सिनेमा में काम करने वाले मोहनलाल ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी शानदार प्रदर्शन किया है और भारतीय फिल्म जगत में अपनी खास पहचान बनाई है।




