नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। नेपाली और बॉलीवुड अभिनेता सुनील थापा का 68 वर्ष की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। नेपाली दर्शकों के बीच उन्हें राते काइला के नाम से जाना जाता था। सुनील थापा सिर्फ नेपाली सिनेमा में ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में भी बेहद लोकप्रिय रहे। उन्होंने प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म ‘मैरी कॉम’ में ट्रेनर का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीता।
बॉलीवुड से करियर की शुरुआत
सुनील थापा ने बॉलीवुड में अपने फिल्मी सफर की शुरुआत देव आनंद की फिल्म से की। उन्होंने 1981 में फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ से डेब्यू किया, जिसमें कमल हासन और रति अग्निहोत्री मुख्य भूमिका में थे। इस डेब्यू फिल्म में सुनील ने अपनी एक्टिंग की गहरी छाप छोड़ी और इसके बाद उन्हें कई फिल्में ऑफर होने लगीं।
1982 में उन्होंने ‘मशाल’ फिल्म से नेपाली सिनेमा में कदम रखा, लेकिन यह फिल्म उनके लिए ज्यादा सफल नहीं रही।
नेपाली सिनेमा में गब्बर का रोल
सुनील थापा को नेपाली सिनेमा में पहचान 7 साल बाद ‘चिनो’ फिल्म से मिली। इस फिल्म में उन्होंने राते काइला नाम के खतरनाक विलेन का रोल निभाया। इस फिल्म को नेपाली सिनेमा का ‘शोले’ कहा जाता है और सुनील थापा को ‘गब्बर’ जैसी खलनायक की छवि मिल गई। इसके बाद वह नेपाली सिनेमा में विलेन के आइकॉन बन गए।
मैरी कॉम में प्रेरणादायक ट्रेनर
2014 में सुनील थापा ने ‘मैरी कॉम’ फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के ट्रेनर का किरदार निभाया। उन्होंने सख्त लेकिन प्रेरणादायक ट्रेनर के रोल में दर्शकों को बहुत प्रभावित किया। सुनील ने एक इंटरव्यू में बताया कि यह रोल पहले अमिताभ बच्चन और डैनी को ऑफर किया गया था, लेकिन बाद में यह उनका हिस्सा बन गया। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर इन सपोर्टिंग रोल से भी नवाजा गया।
भोजपुरी सिनेमा और शिक्षा में योगदान
सुनील थापा ने भोजपुरी सिनेमा में भी कई फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। इसके अलावा उन्होंने एवरेस्ट फिल्म एकेडमी की स्थापना की। इस एकेडमी में आने वाले विद्यार्थियों को सुनील थापा ने अभिनय, अनुशासन और समय की कद्र करना सिखाया।
निधन और फैन्स की प्रतिक्रिया
सुनील थापा के निधन की खबर से उनके फैन्स में शोक की लहर है। काठमांडू पहुंचने के बाद परिवार के सदस्यों द्वारा उनके निधन का ऑफिशियल ऐलान किया जाएगा। नेपाली और बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।




