नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर की स्टारर फिल्म ‘परम सुंदरी’ 29 अगस्त यानी शुक्रवार को बड़े बर्दे पर रिलीज हो गई। रोमांटिक कॉमेडी में सिद्धार्थ और जाह्नवी की केमेस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म को रिलीज हुए एक दिन हो गया, लेकिन मूवी दर्शकों के बीच उम्मीद पर खरा नहीं उतरी है।
शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज के बाद फिल्म ‘परम सुंदरी’ को बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत मिली है। हालांकि, फिल्म में जान्हवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा की केमेस्ट्री की काफी तारीफ हो रही है मगर बावजूद इसके दोनों की केमिस्ट्री का जादू बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर पाया है।
‘परम सुंदरी‘ का ओपनिंग डे का कलेक्शन
एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘परम सुंदरी’ का ओपनिंग डे कलेक्शन उम्मीद से काफी कम रहा। पहले दिन फिल्म ने महज 7.25 करोड़ रुपये की कमाई की। स्टारकास्ट की लोकप्रियता और जोरदार प्रचार-प्रसार के बावजूद शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन निराशाजनक माना जा रहा है, जिससे साफ है कि इसे आगे चलकर दर्शकों का प्यार जीतने के लिए मजबूत वर्ड-ऑफ-माउथ और पॉजिटिव रिव्यू की जरूरत होगी।
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए पहले दिन 21.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसे इस साल की सबसे सफल रोमांटिक फिल्मों में गिना जा रहा है। जहां ‘सैयारा’ अपनी गहरी लव स्टोरी से दर्शकों को जोड़ने में कामयाब रही, वहीं ‘परम सुंदरी’ एक रोमांटिक कॉमेडी है, जिसकी तुलना कई समीक्षक ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘टू स्टेट्स’ जैसी फिल्मों से कर रहे हैं।
फिल्म का ऐसा रहा है ऑक्यूपेंसी
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज़ के पहले दिन औसत प्रदर्शन दर्ज किया। शुक्रवार को कुल ऑक्यूपेंसी 12.92% रही। सुबह के शो 8.19% के साथ धीमी शुरुआत करने के बाद दोपहर तक 11.45% तक पहुंचे। शाम के शो में यह आंकड़ा 12.27% रहा, जबकि रात के शो में सबसे अधिक 19.77% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।
गौरतलब है कि, शुरुआती आंकड़ों से ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि फिल्म का कलेक्शन सीमित दायरे में रहेगा। एडवांस बुकिंग के रुझानों ने साफ संकेत दिया था कि ‘परम सुंदरी’ की शुरुआती कमाई करीब 9 करोड़ रुपये के आसपास रह सकती है, जो अब बॉक्स ऑफिस पर उसके प्रदर्शन से मेल खाती नजर आ रही है।




