नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । एक्टर से पॉलिटिशियन बने रवि किशन आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। भोजपुरी सिनेमा से लेकर बॉलीवुड और ओटीटी तक उन्होंने हर माध्यम पर अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई है। हालांकि यह सफलता यूं ही नहीं मिली, इसके पीछे एक लंबा संघर्ष छिपा है।
शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में अपनी जिंदगी के कठिन दौर को याद करते हुए रवि किशन ने बताया, “मैं एक झोपड़ी में रहा करता था। घर की पूरी जिम्मेदारी मेरे कंधों पर थी और हमारी खेती की जमीन तक गिरवी रखी जा चुकी थी। हमने बेहद कठिन समय देखा है। एक वक्त था जब हम 12 लोग एक ही प्लेट खिचड़ी खाते थे और उसमें भी पानी मिलाना पड़ता था।”
कितनी है रवि किशन की कुल संपत्ति?
आज रवि किशन एक ऐशोआराम भरी जिंदगी जी रहे हैं। उनके पास मुंबई, पुणे, गोरखपुर और जौनपुर सहित अलग-अलग स्थानों पर कुल 11 घर हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार, रवि किशन की कुल नेटवर्थ 36 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, उनके पास 2.55 करोड़ रुपये की पैतृक संपत्ति भी है।
रवि किशन का फिल्मी करियर
अगर बात करें रवि किशन के फिल्मी सफर की, तो उन्होंने अपने करियर की शुरुआत हिंदी फिल्मों से की थी। हालांकि शुरुआती दौर में उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा की ओर रुख किया, जहां उन्होंने खुद को एक सुपरस्टार के तौर पर स्थापित किया। रवि किशन ने भोजपुरी इंडस्ट्री को ‘सैंयां हमार’, ‘गब्बर सिंह’, ‘गंगा’, ‘कब होई गवना हमार’, ‘दूल्हा मिलल दिलदार’ और ‘बांके बिहारी एमएलए’ जैसी कई हिट फिल्में दी हैं। वे 1992 से अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं और आज भी दर्शकों के बीच उतने ही लोकप्रिय हैं।
‘लापता लेडीज’ से मचाया था धमाल
2024 में रवि किशन ने फिल्म ‘लापता लेडीज’ में एक अहम सपोर्टिंग रोल निभाया था। इस फिल्म में उन्होंने एक पुलिस अफसर की भूमिका निभाई, जिसे दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। फिल्म ने IIFA अवॉर्ड्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 अवॉर्ड अपने नाम किए। रवि किशन को भी इस फिल्म के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार मिला, जो उनके अभिनय कौशल का एक और प्रमाण बना।
रवि किशन ने ओटीटी से की दमदार वापसी
ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रवि किशन ने अपनी शानदार मौजूदगी से दर्शकों को खूब प्रभावित किया है। उन्होंने ‘रंगबाज’, ‘हंसमुख’, ‘मत्स्य कांड’, और ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ जैसे पॉपुलर वेब शोज में अहम भूमिकाएं निभाईं। 2024 में आई वेब सीरीज ‘मामला लीग है’ में उन्होंने वी. डी. त्यागी का किरदार निभाया। पहले सीजन में वे एक तेजतर्रार वकील के रूप में नजर आए, जबकि आगामी दूसरे सीजन में वे जज की भूमिका में दिखाई देंगे।
रवि किशन का राजनीतिक सफर
अगर बात करें रवि किशन की राजनीतिक यात्रा की, तो उन्होंने 2014 में राजनीति में कदम रखा, जब उन्होंने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर जौनपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा। हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में, 2017 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा से जुड़ने के बाद उन्होंने 2019 और 2024 में गोरखपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और दोनों बार शानदार जीत हासिल की। वर्तमान में रवि किशन राजनीति में सक्रिय और वह अपने इस नए सफर का पूरा आनंद ले रहे हैं।
इस फिल्म में दिखेंगे रवि किशन
जानकारी के अनुसार, रवि किशन जल्द ही फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म 25 जुलाई को रिलीज होने जा रही है और रवि किशन इन दिनों इसके प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह है, खासकर रवि किशन की मौजूदगी से दर्शक काफी उत्साहित है।




