नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। फिल्म द राजा साब के सॉन्ग लॉन्च इवेंट के दौरान एक्ट्रेस निधि अग्रवाल के साथ बदतमीजी का मामला सामने आया है। बुधवार, 17 दिसंबर को हैदराबाद में आयोजित इस इवेंट के बाद जब निधि बाहर निकल रही थीं, तभी भारी भीड़ ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। देखते ही देखते हालात ऐसे बने कि एक्ट्रेस भीड़ में फंस गईं और धक्का-मुक्की का शिकार हो गईं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें निधि को असहज और परेशान हालत में देखा जा सकता है।
इवेंट के बाद बिगड़े हालात
जानकारी के मुताबिक, निधि अग्रवाल खुशी-खुशी द राजा साब के गाने ‘सहना सहना’ के लॉन्च कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। इवेंट के दौरान सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ और वह अपनी गाड़ी की ओर बढ़ीं, वहां मौजूद लोगों की भारी भीड़ उनकी एक झलक पाने के लिए टूट पड़ी। लोग मोबाइल कैमरों से वीडियो बनाने लगे और इसी अफरातफरी में धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
भीड़ में फंसकर घबराईं निधि
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि निधि गाड़ी तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन भीड़ उन्हें आगे बढ़ने नहीं देती। इस दौरान उनके चेहरे पर डर और बेचैनी साफ झलकती है। काफी मशक्कत के बाद सुरक्षा गार्ड्स ने किसी तरह भीड़ को हटाया और निधि को सुरक्षित गाड़ी में बैठाया। कार में बैठते ही वह राहत की सांस लेती दिखीं, लेकिन गुस्से और सदमे में वह भीड़ पर चिल्लाती भी नजर आईं।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
इस घटना के सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स और सेलेब्स की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने इसे डरावना और शर्मनाक बताया। कुछ यूजर्स ने इवेंट मैनेजमेंट की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा इंतजाम नाकाफी थे। वहीं, कई लोगों ने भीड़ के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि फैंस को अपनी सीमाएं समझनी चाहिए।
अब तक नहीं आया एक्ट्रेस का बयान
फिलहाल इस पूरे मामले पर निधि अग्रवाल की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो निधि जल्द ही फिल्म द राजा साब में प्रभास के साथ नजर आएंगी, जो 9 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। फिल्म में संजय दत्त और मालविका मोहनन भी अहम भूमिकाओं में हैं। निधि इससे पहले मुन्ना माइकल, ईस्मार्ट शंकर और हरि हारा वीरा मल्लु जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।




