नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज से ठीक पहले विवादों में फंस गई है। शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म पर स्टे लगाने की मांग की है। उनका आरोप है कि फिल्म में मेजर शर्मा की जिंदगी के अहम हिस्सों को बिना अनुमति के दर्शाया जा रहा है। अब मेजर मोहित शर्मा के भाई मधुर शर्मा ने इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि उनका परिवार मेकर्स से आखिर क्या चाहता है।
क्यों खफा है मेजर मोहित शर्मा का परिवार?
हालांकि फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर यह डिसक्लेमर दे चुके हैं कि फिल्म मेजर मोहित शर्मा पर आधारित नहीं है, लेकिन परिवार की नाराजगी की वजह सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाएँ हैं।मधुर शर्मा, जो इस समय विदेश में हैं, उन्होंने बताया कि जब से फिल्म अनाउंस हुई है और ट्रेलर आया है, सोशल मीडिया पर बहुत सारे लोग लिख रहे हैं कि फिल्म मेरे भाई पर बेस्ड है। रेप्यूटेड मीडिया चैनल्स और इनफ्लुएंसर्स जिनके लाखों फॉलोअर्स हैं, वो भी समानता निकाल रहे हैं।परिवार बस इतना चाहता है कि प्रोड्यूसर्स यह बता दें कि सच्चाई क्या है, क्योंकि सोशल मीडिया की अटकलों से उनके माता-पिता परेशान हो रहे हैं।
आदित्य धर के जवाब के बावजूद क्यों दायर हुई पिटीशन?
आदित्य धर के बयान के बावजूद पिटीशन फाइल किए जाने पर, मधुर ने स्पष्ट किया कि, मेरे सवाल और आदित्य के जवाब में 36-48 घंटे का फर्क है। पिटीशन तब ही फाइल कर दी गई थी। (मधुर ने ट्विटर पर आदित्य धर से सार्वजनिक रूप से पूछा था कि क्या फिल्म मोहित पर है।)
फायदा नहीं, बस संवेदनशीलता चाहिए
मधुर शर्मा ने साफ किया कि उनके माता-पिता को फिल्म से कोई फायदा (कोई पैसा या क्रेडिट) नहीं चाहिए। उनकी मुख्य चिंता संवेदनशीलता और सम्मान को लेकर है। मधुर ने कहा, हम चाहते हैं कि लोगों का नजरिया संवेदनशील और सहानुभूति भरा रहे, हमारे लिए नहीं बल्कि पूरे परिवार के लिए जिसने एक प्यारा बेटा खो दिया।उन्होंने कहा, अगर फिल्म उन पर बनी है, बस इतना बोल दें, ‘सॉरी मैम, हमने आपको सूचित नहीं किया। अगर नहीं तो बोल दें कि ये सारा हाइप सच नहीं है।
फिल्म बनाने के खिलाफ नहीं है परिवार
मधुर शर्मा ने यह भी साफ किया कि उन्हें मेजर मोहित शर्मा पर फिल्म बनाए जाने से कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि उन्हें इस पर गर्व होगा। हमें गर्व होगा अगर उन पर फिल्म बनी। यहां तक कि 2021 में एक फिल्म अनाउंस हुई तो हमने प्रोड्यूसर्स को सपोर्ट किया था। वह एक लेगेसी छोड़ गए हैं जो आगे बढ़नी चाहिए।
दिल्ली हाई कोर्ट का निर्देश
मेजर मोहित शर्मा पैरा स्पेशल फोर्स से थे और 2009 में एक मिशन के दौरान शहीद हुए थे। उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था। मेजर के माता-पिता की याचिका परकोर्ट ने फिल्म ‘धुरंधर’ पर स्टे लगाने का आदेश नहीं दिया है।कोर्ट ने CBFC (केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड) को निर्देश दिया है कि वह मोहित के पेरेंट्स के ऑब्जेक्शन का संज्ञान ले।जरूरत पड़ने पर, CBFC क्लीयरेंस देने से पहले इंडियन आर्मी से भी रिव्यू करवा सकता है।फिल्म धुरंधर 5 दिसंबर को रिलीज होनी है, जिसमें रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में हैं।





