नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कंगना रनौत स्टारर फिल्म इमरजेंसी आज 17 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई है। इससे पहले इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हुए थे। इस फिल्म को देखने के बाद उन्होंने कंगना और फिल्म दोनों की खूब तारीफ की है। फिल्म देखने के बाद उन्होंने आपातकाल के दिनों को याद कर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को कोसते हुए कहा कि उस वक्त हम बच्चे थे, लेकिन जो कुछ भी हुआ गलत था और इसे जनता के बीच ले जाना जरूरी है।
मुझे अपने पिता से मिलने जेल जाना पड़ता था
देवेंद्र फडणवीस फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि आपातकाल हमारे लिए ऐसा समय था, जब नागरिकों के सभी मानवाधिकार खत्म कर दिए गए थे। यह समय मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण इसलिए है, क्योंकि इस दौरान मेरे पिता करीब दो साल जेल में रहे थे। तब मेरी उम्र सिर्फ पांच साल थी। उस दौरान मुझे अपने पिता से मिलने के लिए जेल जाना पड़ता था। वो यादें आज भी मेरे जहन में हैं।
यह इंडियन इतिहास का एक जरूरी डॉक्यूमेंटेशन है
स्क्रीनिंग देखने के बाद मीडिया से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि यह इंडियन इतिहास का एक जरूरी डॉक्यूमेंटेशन है। उन दिनों संविधान का पालन नहीं किया गया था। लाखों लोगों और नेताओं को जेलों में बंद रखा था। इमरजेंसी उस दौरान लोगों पर हुए अत्याचारों का अच्छे ढंग से प्रस्तुतिकरण है।
कंगना की तारीफ में सीएम ने कही ये बात
इसके बाद उन्होंने कंगना को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाने के लिए बधाई देते हुए तारीफ की। उन्होंने कहा कि कंगना खुद इस फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं। वह हर किरदार के साथ न्याय करती हैं और एक शानदार एक्ट्रेस हैं। मैं इस किरदार को निभाने के लिए उन्हें बधाई देना चाहता हूं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी की इमरजेंसी की तारीफ की। गौरतलब है कि इस फिल्म में अनुपम खेर ने जयप्रकाश नारायण, श्रेयस तलपड़े ने अटल बिहारी वाजपेयी, महिला चौधरी ने पुपुल जयकर, मिलिंद सोमन ने फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ और विशाक नायर ने संजय गांधी का किरदार निभाया है।




