नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । जयपुर में रविवार को आयोजित IIFA 2025 अवार्ड्स को करीना कपूर खान और माधुरी दीक्षित यादगार ने यादगार बना दिया। उन्होंने अपने परफॉर्म से प्रशंसकों को पुरानी यादों में डूबो दिया। करीना अपने दादा राज कपूर जो महान अभिनेता और फिल्म निर्माता रहे उनके कुछ सबसे प्रतिष्ठित गीतों पर डांस कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं माधुरी ने भी अपने सदाबहार हिट गानों पर अपने बेजोड़ डांस से दर्शकों का दिल जीता ।
करीना कपूर और माधुरी दीक्षित का डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है। वीडियो में करीना कपूर अपने दादा राज कपूर की फिल्म श्री 420 के सदाबहार गीत “मेरा जूता है जापानी” पर डांस करती हुई नजर आ रही हैं। ग्रे जैकेट और फेडोरा टोपी के साथ काले रंग की पोशाक पहने करीना ने गाने से राज कपूर के सिग्नेचर लुक को बखूबी दोहराया। करीना कपूर ने अपने दादा राज कपूर के मशहूर गानों को परफॉर्म करके उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। IIFA के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “हम अपने सिल्वर जुबली सेलिब्रेशन के लिए राज कपूर को दी गई इस खूबसूरत श्रद्धांजलि से वाकई प्यार करते हैं।”
दूसरे वीडियो में, करीना कपूर ने प्यार हुआ इकरार हुआ गाने पर अपने रेट्रो वाइब्स को दिखाया। यह गाना मूल रूप से राज कपूर और नरगिस पर फिल्माया गया था। वीडियो शेयर करते हुए IIFA ने कैप्शन दिया, “पू की परफॉरमेंस को हम देंगे 10/10 स्कोर – करीना कपूर खान जैसा कोई नहीं है!” एक और वीडियो है जिसमें करीना कपूर ने बॉबी फिल्म के मशहूर गाने ‘झूठ बोले कौवा काटे’ गाने पर डांस करती नज़र आ रही हैं। यह फिल्म 1973 में आयी थी, जिसमें राज कपूर के बेटे दिवंगत ऋषि कपूर और डेब्यूटेंट डिंपल कपाड़िया मुख्य भूमिका में थे।
IIFA के मंच पर करीना की तरह माधुरी ने भी प्रशंसकों को मंत्रमुग्ध किया
माधुरी ने अपने परफॉर्म से दर्शकों की पुरानी यादें ताज़ा कीं। उन्होंने खल नायक के गाने “चोली के पीछे क्या है” पर अपनी शानदार प्रस्तुति दी। माधुरी ने शाहरुख खान के साथ एक अविस्मरणीय प्रस्तुति भी दी, जिसमें दोनों ने 1997 की फिल्म दिल तो पागल है के हिट ट्रैक पर डांस किया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को 90 के दशक की याद दिला दी।





