नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर सोमवार तड़के फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अभिनेत्री के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित घर के बाहर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। बता दें कि आरोपी रोहित गोदारा-गोल्डी बरार गिरोह के दो सक्रिय सदस्य बुधवार को गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और दिल्ली पुलिस की अपराध जांच इकाई के साथ मुठभेड़ में मारे गये।
फायरिंग के समय घर में दिशा पाटनी के माता-पिता और बहन खुशबू पाटनी मौजूद थे। इस हमले के पीछे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। खुद गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस वारदात की जिम्मेदारी ली है।
सीसीटीवी में दिखा हमलावरों का मंजर, फायरिंग के बाद भाग निकले
घटना सोमवार तड़के करीब 3:45 बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बाइक पर आते दिखाई देते हैं। कुछ पल रुककर वे ताबड़तोड़ फायरिंग करते हैं और फरार हो जाते हैं। मौके से पुलिस को गोली के खाली खोखे भी मिले हैं। गनीमत रही कि घर में कोई हताहत नहीं हुआ।
अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया
बुधवार को एसटीएफ की नोएडा इकाई और दिल्ली पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में रवींद्र और अरुण को रोका। उन्होंने बताया कि इसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हथियारों का जखीरा बरामद
मौके से एक ग्लॉक और एक जिगाना पिस्टल सहित भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि रवींद्र का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और वह कई संगीन मामलों में वांछित था।
दिशा पाटनी के परिवार की सुरक्षा बरकरार
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने मुठभेड़ के बाद पुष्टि की कि दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा हटाई नहीं जाएगी। अभिनेत्री के पिता जगदीश पाटनी ने कहा, पुलिस ने हमें बताया है कि गोलीबारी में शामिल शूटर मारे जा चुके हैं। मुठभेड़ के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, इसलिए इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता।
सुरक्षा एजेंसियां हाई-अलर्ट पर
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने भी पुष्टि की कि दोनों अपराधी जबरन वसूली और धमकी जैसे मामलों में लिप्त थे और हाई-प्रोफाइल हस्तियों को निशाना बना रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह पंजाब से लेकर उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक सक्रिय है, और अब इसके बाकी फरार सदस्यों की तलाश तेज़ कर दी गई है।
बॉलीवुड सेलेब्स पर गैंगस्टरों की निगाह, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हाई-प्रोफाइल हमले ने एक बार फिर बॉलीवुड सेलेब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ वर्षों में सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड, सलमान खान को धमकी, और अब दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग ये सभी घटनाएं बता रही हैं कि गैंगस्टर गिरोह लगातार बॉलीवुड को निशाने पर ले रहे हैं।




