नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । ‘जहर’, ‘कलयुग’, ‘आवारापन’, ‘आशिकी 2’, ‘एक विलेन’ और ‘मलंग’ जैसी चर्चित फिल्में बना चुके डायरेक्टर मोहित सूरी ने हाल ही में दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट की मांग को लेकर चल रही बहस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बताया जा रहा है कि इसी शर्त के चलते दीपिका को संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ से बाहर होना पड़ा था।
इस मामले पर अपनी बात रखते हुए मोहित सूरी ने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी पसंद होती है, लेकिन यह सब काफी हद तक फिल्म के बजट पर निर्भर करता है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मुझे नहीं लगता कि कोई भी निर्देशक किसी से जरूरत से ज्यादा काम करवाना चाहता है। कोई भी इतना कठोर नहीं होता कि कलाकार को बेवजह थकाया जाए।”
बजट जैसे फैक्टर की सीमाओं में बंधे होते है फिल्म निर्माता
इसके अलावा मोहित सूरी ने यह भी बताया कि अक्सर फिल्म निर्माता बजट जैसे फैक्टर की सीमाओं में बंधे होते हैं, जो प्रोडक्शन से जुड़ी कई चीजों को प्रभावित करते हैं। उन्हीं में से एक पहलू है- हर दिन शूटिंग के घंटों की संख्या, जिसे बजट के अनुसार सीमित करना पड़ता है।
अपनी शर्तें थोपना ठीक नहीं
मोहित सूरी ने आगे कहा कि किसी भी इंसान के पास यह विकल्प होता है कि वह किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा बने या नहीं। लेकिन उनके अनुसार, यह तब अनुचित हो जाता है जब कोई कलाकार साइन करने के बाद अपनी शर्तें थोपने लगे। उन्होंने कहा कि जब आप किसी प्रोजेक्ट से जुड़ते हैं, तो आपको पहले से यह मालूम होता है कि उसमें कौन-कौन सी चुनौतियां और सीमाएं होंगी, चाहे वह बजट हो या हकीकत से जुड़ी परिस्थितियां। मोहित सूरी ने अंत में कहा, “सच कहूँ तो यह विवाद व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि यह बजट से जुड़ा हुआ मामला है। यही वास्तविकता है।”
संदीप रेड्डी वांगा का पोस्ट
संदीप रेड्डी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने कहा “जब मैं किसी कलाकार को अपनी कहानी सुनाता हूँ, तो उस पर पूरा विश्वास करता हूँ। हमारे बीच एक अनकहा गैर-प्रकटीकरण समझौता (NDA) होता है। लेकिन आपने ऐसा करके अपनी असलियत उजागर कर दी है… एक युवा कलाकार को नीचा दिखाना और मेरी कहानी को दबाना, क्या यही आपका नारीवाद है?
उन्होंने आगे कहा “एक फिल्म निर्माता के रूप में, मैंने अपने हुनर को निखारने में वर्षों की मेहनत लगाई है, और मेरे लिए फिल्म निर्माण ही सब कुछ है। आपको यह बात समझ में नहीं आई और शायद कभी भी नहीं आएगी। अगली बार जब कहानी सुनाएं, तो पूरी बात बताइए… क्योंकि मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”
‘सैयारा’ की रिलीज नजदीक
वर्कफ्रंट की बात करें तो मोहित सूरी अपनी आगामी फिल्म ‘सैयारा’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में अनन्या पांडे के चचेरे भाई और चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे पहली बार अभिनय कर रहे हैं। साथ ही इस फिल्म में अनीत पड्डा भी अहम भूमिका में हैं। ‘सैयारा’ 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




