नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। फैशन और फिल्मों की दुनिया का सबसे पॉपुलर इवेंट ‘कान्स फिल्म फेस्टिवल’ (Cannes Film Festival) एक बार फिर से शुरू होने जा रहा है। ये इवेंट आज यानी आज 12 से 23 मई 2026 तक फ्रांस के कान्स शहर (फ्रेंच रिवेरा) में किया जाएगा। 79वें कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 में हर साल की तरह इस बार भी भारत की ओर से कई सेलेब्स कांस फिल्म फेस्टिवल की रेड कार्पेट पर शिरकत करेंगी। इसमें आलिया भट्ट (Alia Bhatt) से लेकर ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai) तक शामिल हैं।
इस बार क्या होगा खास
इस बार भारत की मौजूदगी पहले से कहीं ज्यादा विविध और मजबूत दिख रही है। बॉलीवुड के साथ-साथ पंजाबी, मराठी, गुजराती और मलयालम सिनेमा के कलाकार भी रेड कार्पेट पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। यह पहली बार है जब भारतीय फिल्म इंडस्ट्री इतनी भाषाई विविधता के साथ कान्स में प्रतिनिधित्व कर रही है।
फेस्टिवल की शुरुआत मशहूर फ्रेंच डायरेक्टर पियरे सल्वाडोरी की फिल्म ‘The Electric Kiss’ से होगी। इस बार जूरी की कमान दक्षिण कोरिया के प्रसिद्ध फिल्ममेकर पार्क चान-वुक संभालेंगे, जबकि उद्घाटन और समापन समारोह की मेजबानी फ्रांसीसी अभिनेत्री आई हैदरा करेंगी।
इन सेलेब्स का छाएगा जादू
भारतीय सितारों की बात करें तो एक बार फिर ऐश्वर्या राय बच्चन अपनी शानदार मौजूदगी से रेड कार्पेट पर ग्लैमर बिखेरेंगी। उनके साथ आलिया भट्ट भी लगातार दूसरे साल कान्स में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा अदिति राव हैदरी, जैकलीन फर्नांडिस, तारा सुतारिया, मौनी रॉय और पूजा बत्रा जैसी एक्ट्रेसेस भी इस भव्य मंच का हिस्सा बनेंगी। फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी इस साल कान्स में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
करण जौहर भी होंगे शामिल
हाल ही में मेट गाला में नजर आए करण जौहर भी एक बार फिर कान्स में दिखाई देंगे। वहीं अनुभवी फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते नजर आएंगे। अब देश दुनिया की की नजरे इस इवेंट पर टिकी हुई है।
फिल्मों को मिली खास जगह
कान्स में सिनेमा को भी खास जगह दी गई है, जो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। पंजाबी फिल्म ‘चढ़दीकला’ के साथ एमी विर्क और रूपी गिल, मराठी सिनेमा से अशोक सराफ, निवेदिता सराफ और प्राजक्ता माली, जबकि गुजराती सिनेमा से मानसी पारेख और पार्थिव गोहिल रेड कार्पेट पर नजर आएंगे। मलयालम फिल्म ‘बालनः द बॉय’ भी इस बार कान्स मार्केट में चर्चा का विषय रहेगी। इन सभी के लिए दर्शक काफी ज्यादा उत्सुकता दिखा रहे हैं।





