नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सोशल मीडिया के चर्चित यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ के विजेता एल्विश यादव हाल ही में वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एल्विश यादव भावुक नजर आए और उन्होंने महाराज के सामने एक बड़ा वादा किया।
एल्विश ने अपनी छवि सुधारने का संकल्प लिया है।
मुलाकात के दौरान एल्विश ने महाराज से उनकी सेहत के बारे में भी पूछा। प्रेमानंद महाराज ने सादगी से कहा, अब शरीर कितना भी संभाल लो, जाना तो सबको ही है। इस बात से प्रभावित होकर एल्विश ने कहा कि वे अपने जीवन में संतों के मार्गदर्शन का अनुसरण करेंगे और अपनी छवि सुधारने का संकल्प लिया है।
प्रेमानंद महाराज ने एल्विश से पूछा, क्या तुम भगवान का नाम जपते हो? जब एल्विश ने मुस्कुराते हुए ‘नहीं’ कहा, तो महाराज ने प्रेमपूर्ण अंदाज में समझाया कि भगवान के नाम का जाप जीवन में स्थिरता और सच्चाई लाता है। इसके बाद उन्होंने एल्विश को रोजाना 10,000 बार ‘राधा’ नाम जपने और एक अंगूठी पहनने का सुझाव दिया, जो एल्विश ने पूरी श्रद्धा से स्वीकार किया।
अगर तुम शराब लेकर वीडियो बनाओगे तो लाखों लोग वही सीखेंगे
संत ने आगे कहा, अगर तुम शराब लेकर वीडियो बनाओगे तो लाखों लोग वही सीखेंगे, लेकिन भक्ति के रास्ते पर चलोगे तो लोग भी प्रेरित होंगे। एल्विश ने इस सलाह को गंभीरता से लेते हुए कहा कि अब से वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सकारात्मक छवि और कर्मों पर फोकस करेंगे। इस मुलाकात में प्रेमानंद महाराज ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया, मेरी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं, लेकिन भगवान की कृपा से भक्तों से मिल रहा हूँ। महाराज की यह विनम्रता और दृढ़ता देखकर एल्विश समेत सभी उपस्थित लोग भावुक हो उठे। यह मुलाकात न सिर्फ एल्विश यादव के लिए बल्कि उनके लाखों प्रशंसकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है। उम्मीद है कि उनके इस वादे से उनकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आएगा।





