नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। क्रिसमस की छुट्टियों के दौरान सिनेमाघरों में दर्शकों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है और इसका सीधा फायदा आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर’ को मिल रहा है। रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म रिलीज के चौथे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है और हर गुजरते दिन के साथ नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। दूसरी ओर 25 दिसंबर को रिलीज हुई कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की रोमांटिक कॉमेडी ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ को दर्शकों की अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिल पा रही है।
21वें दिन क्रिसमस पर दिखा जबरदस्त उछाल
क्रिसमस डे के मौके पर ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार छलांग लगाई। फिल्म ने अपने 21वें दिन यानी गुरुवार को 26 करोड़ रुपये की कमाई की, जो बुधवार के 18 करोड़ रुपये के मुकाबले बड़ा उछाल माना जा रहा है। इसके साथ ही फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 633.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।




