नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेन्द्र हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। 89 साल की उम्र में भी धर्मेन्द्र सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और अपनी भावनाओं को फैंस के साथ शेयर करते हैं। आज मंगलवार को धर्मेन्द्र को मुंबई के एक अस्पताल के बाहर देखा गया, जब वे आंख पर पट्टी बांधे मीडिया सामने आये। इसके बाद यह वीडियो काफी वायरल हो गया और फैंस उनके स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर चिंता जाहिर करने लगे।
दरअसल, धर्मेंद्र मंगलवार को मुंबई में मेडिकल प्रक्रिया से गुजरने के बाद आंख पर पट्टी बांधे देखे गए। एक पपराज़ो ने इंस्टाग्राम पर अभिनेता का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह मीडिया से बातचीत करते और प्रशंसकों को अपनी सेहत का भरोसा दिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान धर्मेंद्र ने अपने स्वास्थ्य के बारे में बात की। उन्होंने अपने फैंस के लिए एक प्रेरणादायक संदेश दिया, जिसे देख हर कोई उनके जज़्बे की जमकर तारीफ कर रहा है। धर्मेंद ने कहा, “अभी भी बहुत दम है, बहुत जान रखता हूं…मेरी आंख में ग्राफ्ट हुआ है। तो आता हूं, हां। धर्मेन्द्र ने कहा, “मैं दर्शकों से प्यार करता हूं, अपने फैंस से प्यार करता हूं, मैं मजबूत हूं” ।
फैंस ने दी शुभकामनाएं
वहीं, अब इस बातचीत का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित नजर आए, जो वीडियो में कमेंट सेक्शन में दिखाई दे रहा है। एक फैंस ने लिखा, “अपना ख्याल रखना, धरमजी।” एक अन्य ने कहा, “भगवान आपका भला करे। आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”
धर्मेंद्र की हालिया फ़िल्में
दिग्गज अभिनेता ने दिसंबर 2023 में अपने बेटों सनी देओल और बॉबी देओल और अपने प्रशंसकों के साथ अपना 89वां जन्मदिन मनाया। उन्हें आखिरी बार रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (2023) में आलिया भट्ट और रणवीर सिंह के साथ देखा गया था। इस फ़िल्म का निर्देशन करण जौहर ने किया था।




