नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस बेबो यानी करीना कपूर आज 43 की हो गईं। इंटरव्यू एवं टीवी शो में बेहद खुशमिजाज दिखने वाली करीना काफी गुस्सैल भी हैं। ऐसा नाम और शोहरत आने पर नहीं, बल्कि बचपन से है। वह सिर्फ 15 साल की थीं, तब स्कूल के एक लड़के को पसंद करती थीं। जब उनकी मां बबीता को जानकारी हुई तो उन्होंने करीना का मोबाइल अपने पास रख लिया। एक दिन बबीता डिनर पर बाहर गईं थीं तो करीना ने चाकू से मां के कमरे का लॉक तोड़कर अपना मोबाइल ले लिया। फिर उस लड़के से मिलने चली गईं। इस बात से मां बबीता इतनी नाराज हुईं कि करीना को पढ़ने के लिए बोर्डिंग स्कूल भेज दिया था।
डांस न करने की जिद में छोड़ी फिल्म कहो ना प्यार है
करीना जब कॉलेज में थीं, तब से फिल्म ऑफर हो रहे थे। इस दौरान राकेश रोशन बेटे ऋतिक रोशन को लांच करने के लिए फिल्म कहो ना प्यार है की तैयारी में थे। उन्हें पता चला कि बबीता की बेटी करीना फिल्मों में आना चाहती हैं तो वह फिल्म की स्क्रिप्ट लेकर उनके घर पहुंचे। करिश्मा और करीना के लिए बबीता ही फैसले लेती थीं।
राकेश ने उनसे ही बात की और बबीता झट से मान गईं। राकेश रोशन के लिए भी K लकी अक्षर था तो वो भी खुश थे। इसी बीच गाने में डांस करने को लेकर करीना ने इनकार किया। दूसरी ओर राकेश चाहते थे करीना डांस करे, जिस पर करीना ने फिल्म ही छोड़ दी। फिर राकेश रोशन ने अमीषा पटेल को साइन कर लिया।
फिल्म अजनबी के सेट पर बिपाशा की बेइज्जती की
कॅरियर की शुरुआत में करीना को अब्बास-मस्तान की फिल्म अजनबी मिली। फिल्म में करीना और बिपाशा बसु डेब्यू कर रहीं थीं। लीड हीरो अक्षय और बॉबी थे। सेट पर बॉबी देओल की पत्नी तान्या द्वारा बिपाशा की कॉस्ट्यूम का पूरा ख्याल रखा जाता था। करीना को लगा कि उनसे ज्यादा बिपाशा को अटेंशन मिल रहा है। करीना और बिपाशा के बीच कोल्डवॉर शुरू हुई और फिर बहस होने लगी। जब यह बात करीना की मां बबीता को पता चली तो वो तान्या पर चिल्लाने लगीं।
तान्या को बबीता के रूड बिहेवियर की वजह नहीं मालूम थी। उन्होंने एक दिन उनसे बहस कर ली। करीना को अपनी मां की बेइज्जती बर्दाश्त नहीं हुई और उन्होंने तान्या से झगड़ने लगी। बहसबाजी में करीना ने बिपाशा को काली बिल्ली कहा और थप्पड़ मार दिया। बॉबी देओल ने बीच-बचाव किया तो करीना उन पर बरस गईं। इस पर तान्या ने करीना को थप्पड़ जड़ दिया।





