नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की फिल्में काफी समय से बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो रही है। फिल्में न चलने के बावजूद भी एक्टर के लिए फैंस और निर्देशकों का विश्वास अभी भी मौजूद है। इस साल अक्षय कुमार की कई फिल्में रिलीज तो हुईं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। अक्षय कुमार की फिल्मों को लेकर निर्देशक मुदस्सर अजीज ने एक्टर का साथ दिया है।
अक्षय के सपोर्ट में बोले निर्देशक मुदस्सर अजीज
इस साल अक्षय कुमार की कई सारी फिल्में रिलीज हुई है जिनमें ‘सरफिरा’, ‘बड़े मियां छोटाे मियां’ और अब ‘खेल खेल में’ शामिल हैं। अफसोस की बात यह रही की इनमे से एक भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। एक्टर की इन सभी फ्लॉप फिल्मों को लेकर निर्देशक मुदस्सर अजीज ने कहा, ‘उनके साथ जो आज हो रहा है वह पहले शाहरुख खान के साथ भी हो चुका है।’
अक्षय कुमार की फ्लॉप फिल्मों का सिलसिला
अक्षय कुमार की हालिया फिल्म ‘खेल-खेल में’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई है। इस फिल्म के निर्देशक मुदस्सर अजीज ने अक्षय कुमार के मुश्किल दौर को समझा है। निर्देशक ने यह भी कहा, अक्षय कुमार हर दिन अपनी योग्यता साबित करने की कोशिश करते हैं। ‘खेल खेल में’ को मिल रहे सकारात्मक समीक्षाओं के बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर पर्याप्त कमाई नहीं कर पा रही है। हालांकि, निर्देशक को अक्षय कुमार की फ्लॉप फिल्मों के बावजूद भी भरोसा है कि यह दौर जल्दी खत्म हो जाएगा।
शाहरुख खान के साथ भी हुआ था ऐसा
फिल्म निर्माता ने शाहरुख खान का उदाहरण देते हुए यह भी बताया है कि उनके साथ भी फ्लॉप फिल्मों का सिलसिला रहा है, लेकिन एक्टर ने काफी अच्छी वापसी की थी। निर्देशक ने कहा, ‘शाहरुख खान के साथ ऐसा पांच-सात साल तक हुआ है। दुर्भाग्य से, हम ऐसे समाज में रहते हैं, जहां किसी को नकारना बहुत फैशन बन गया है। लेकिन इतना कहने के बाद भी, मैं एक फिल्म निर्माता के तौर पर उनके साथ काम करने का अपना अनुभव साझा करूंगा।’




