दुर्ग ,9 मई (हि. स.)। दुर्ग पुलिस अपराध को रोकने हेतु कार्रवाई कर रही है, साथ ही अपना सामाजिक दायित्व भी निभाते हुए एक बेहतर समाज बनाने हेतु अपना प्रयास कर रही है। इसी क्रम में आज मदर्स डे के दिन जब सीएसपी दुर्ग विवेक शुक्ला राजेन्द्र पार्क से गुजर रहे थे तो खुले में सड़क में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला को बरसात में भीगते हुए देखा। जिसके पश्चात उक्त महिला के आश्रय स्थल के प्रबंधन हेतु तत्काल समाज कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डी डी ठाकुर को फोन लगाकर उन्हें वृद्धाआश्रम भेजने हेतु सहयोग मांगा, और पद्मनाभपुर पेट्रोलिंग को मौके पर बुलवाया। उक्त बुजुर्ग महिला नेम बाई ,निवासी राजनांदगांव को वृद्धा आश्रम चलने हेतु राजी किया। सीएसपी विवेक शुक्ल ,समाज कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डीडी ठाकुर एवं पद्मनाभपुर चौकी की एएसआई शैल शर्मा तथा आरक्षक नेमु साहू एवं राजपूत के सहयोग से उक्त महिला को कादंबरी नगर स्थित वृद्धाआश्रम में पहुंचाया गया। हिन्दुस्थान समाचार/अभय जवादे




