धमतरी, 28 अप्रैल ( हि. स.)।जिले के 18 से 44 साल की उम्र के लोग कोरोना टीकाकरण के लिए आनलाईन पंजीयन करा सकते हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डा बीके साहू ने बताया कि राज्य शासन से टीकाकरण के संबंध में जैसे ही मार्गदर्शन और टीका प्राप्त होगा इस आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण भी शुरू किया जाएगा। बताया गया है कि वर्तमान में 45 साल से अधिक उम्र के जिन लोगों का टीकाकरण अभियान चल रहा है, वह अभियान ही फिलहाल जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि पंजीयन के लिए सबसे पहले कोविड की वेबसाइट पर जाकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना है। दर्ज मोबाइल नंबर पर एक वन टाइम पासवर्ड जेनरेट होगा। इस पासवर्ड को वेबसाइट पर लिखे ओटीपी बाक्स में लिखने के बाद वेरिफाई लिखकर आइकन पर क्लिक करना है। इससे यह वेरिफाई हो जाएगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन का पन्ना नजर आएगा, जहां अपनी जानकारी डालनी है और एक फोटो आइडी भी साझा करनी है। बताया गया है कि अगर पहले से शुगर, ब्लड प्रेशर, अस्थमा अथवा अन्य कोई बीमारी है तो, इसकी जानकारी विस्तार से देनी होगी। जब यह जानकारी पूरी हो जाए, तो रजिस्टर लिखे आइकन पर क्लिक करना है। जैसे ही रजिस्ट्रेशन पूरा होगा, कम्प्यूटर स्क्रीन पर अपना अकाउंट डिटेल नजर आएगा। हिन्दुस्थान समाचार / रोशन





