धमतरी 23 मई ( हि. स.)। शिक्षा सत्र 2019 एवं 2020 में टाप करने वाले धमतरी जिले के विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने रविवार को को वर्चुअल चर्चा कर उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी। सरस्वती शिशु मंदिर खिसोरा के छात्र धनेश्वर साहू ने 2019 की प्रावीण्य सूची में पांचवां रैंक प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के मार्गदर्शन में विषयवार तथा क्रमवार अध्ययन से उन्हें यह कामयाबी मिली। छात्र धनेश्वर ने यह भी बताया कि वह आगे वर्तमान में रायपुर के छत्तीसगढ़ कालेज में अध्ययनरत है और आगे छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर डिप्टी कलेक्टर बनना चाहता है। इसी तरह मेरिट लिस्ट में आठवां स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम लोहरसी की खुशी गंजीर भी संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा के जरिए प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा रखती हैं। वर्तमान में वह बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा हैं। इसी प्रकार वर्ष 2020 की प्रावीण्य सूची में आठवें रैंक प्राप्त खिलेन्द्र देवांगन ने बताया कि वह भविष्य में चार्टर्ड एकाउंटेंट बनने के लिए पढ़ाई कर रहा है और सीए फाउंडेशन की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। हिन्दुस्थान समाचार / रोशन




