रुद्रपुर, 18 मई(हि.स.)। पुरानी रंजिश के चलते भूत बंगला कॉलोनी में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को जिला अस्पताल से हाई सेंटर को रैफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक भूत बंगला निवासी कमल का कुछ दिन पहले पवन नामक युवक से विवाद हो गया था। सोमवार की रात कमल अपने के घर के बाहर टहल रहा था। अचानक वहां पहुंचे दो युवकों ने कमल पर फायरिंग कर दी। एक गोली कमल के जबड़े को चीरते हुए पार हो गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही कालोनी में अफरा तफरी मच गई और मौके का फायदा उठाकर दोनों आरोपत फरार हो गए। सीओ सिटी अमित कुमार, कोतवाल विजेंद्र शाह आदि ने रात को ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाल शाह ने बताया कि रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है और आरोपितों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/ विजय आहूजा




