सिलीगुड़ी, 17 जून (हि. स.)। डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने बीती रात एनजेपी थाना अंतर्गत भालोबासा इलाके से एक युवक को आग्नेयास्त्रों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा निवासी दानिश मोहम्मद (30) के रूप में हुई है। डीडी से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात भालोबासा इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान युवक को पकड़कर तलाशी ली गई। जिसके बाद युवक के पास से एक 7.62 ऑटोमेटिक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल और दो मैगजीन बरामद किया गया। इसके बाद डीडी की टीम ने युवक को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को युवक को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/सचिन/गंगा




