जयपुर, 21 मई (हि.स.)।जयपुर ग्रामीण जिले के विराट नगर थाना इलाके में 10 मई की रात को पुरानी रंजिश के चलते सोते हुये एक व्यक्ति के सिर में गोली मारकर हत्या करने के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनसे पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शंकर दत्त शर्मा ने बताया कि विराटनगर थाना इलाके में गेनाडी ढाणी वार्ड नम्बर 15 विराटनगर में दस मई की रात को छत पर सो रहे तेजपाल गुर्जर की सिर में गोली मार हत्या करने के मामले में राधेश्याम उर्फ फतेहचन्द (23) निवासी पांछूडाला जिला जयपुर,मनोज शर्मा (22) निवासी पांछूडाला प्रागपुरा जिला जयपुर व विकास गुर्जर (23)निवासी पापडा विराटनगर जिला जयपुर को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली रामकुमार कस्वां ने बताया की दो वर्ष पहले किसी बात को लेकर अशोक व तेजपाल गुर्जर में शराब के ठेके पर कहासुनी हो गई थी ,जिस पर अशोक ने तेजपाल गुर्जर का पैर तोड़ दिया था। जिस पर तेजपाल गुर्जर ने अपने साथियों से अशोक की हत्या करवा दी। इस हत्या के मुकदमे में वह जेल में बंद रह चुका है और वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। भाई की हत्या का बदला लेने के लिए अशोक के भाई रमेश ने अपने साथियों विकास निवासी पापडा, कालू बिलाली, सोनू बालास, जीतू सिंह पांछूडाला, मनोज महाराज पांछूडाला, शाहरुख खान प्रागपुरा, मनोज पांडू प्रागपुरा व अन्य के साथ मिलकर दस मई की रात को उसके घर में घुसे और छत पर सो रहे तेजपाल गुर्जर पर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। उप अधीक्षक शाहपुरा सुरेन्द्र सिंह कृष्णियां ने बताया कि हत्या के मामले में शामिल कुछ बदमाश तेजपाल गुर्जर के पुराने साथी है। आरोपित तीन-चार मोटरसाइकिल और एक जीप में सवार होकर आए थे। तेजपाल की हत्या के बाद इसके साथी स्वामियों की ढाणी कुहाडा में राजेन्द्र गुर्जर के घर पर जाकर फायरिंग की और मोके पर एक मेटरसाईकिल, एक देशी कट्टा छोडकर फरार हे गये। पुलिस अन्य आरोपितो की तलाश कर रहे है। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/ ईश्वर




