नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिणी जिले की पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर और मकोका केस में वांटेड ठक ठक गैंग के बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपित बदमाश का नाम पी चंद्रू (23) बताया गया है। बदमाश को लोधी रोड से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पी चंद्रू मदनगीर इलाके का रहने वाला है और अंबेडकर नगर थाने का बीसी है। हाल ही में सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा और दीपेंद्र एएसआई प्रकाश व कांस्टेबल संदीप के साथ इलाके में पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान इस बदमाश के बारे में उन्हें सूचना मिली। सूचना को पुख्ता करते हुए पुलिसकर्मियों ने लोधी कॉलोनी इलाके के चर्च के पास से बदमाश को दबोच लिया। इसके पास से कट्टा व कारतूस मिलने से पुलिस में लोधी कॉलोनी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस रजिस्टर किया है। बदमाश का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह अंबेडकर नगर, साकेत, महरौली, मदनगीर और डिफेंस कॉलोनी इलाके में दर्ज लूट, चोरी और झपटमारी के आठ मामलों में शामिल रहा हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




