-सुरक्षाकर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा और अन्य वार्ड में करवाया भर्ती उदयपुर, 20 अप्रैल (हि. स.)। उदयपुर संभाग के सबसे बड़े एमबी अस्पताल में मंगलवार को उस समय हंगामा हो गया जब एक मानसिक रूप से परेशान युवक ने मरीजों के साथ मारपीट करते हुए वार्ड में तोड़फोड़ कर दी। देखते ही युवक ने गेट पर भी जमकर हंगामा किया। चिकित्सालय के वार्ड नंबर 14 न्यूरोलॉजी वार्ड में मानसिक रूप से परेशान युवक को बीती रात भर्ती करवाया गया था। यह युवक किसी कारण से अपना मानसिक संतुलन खो बैठा जिसके के बाद उसे पहले नीमच में भर्ती करवाया था जहां से उसे एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया। मंगलवार सुबह मरीज अपना आपा खो बैठा और उसने वार्ड में उत्पात मचाते हुए वार्ड में लगे कांच और उपकरण के साथ तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। इस दौरान वार्ड के सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने का भी प्रयास किया लेकिन मरीज काबू में न आ सका। उसने वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों के साथ मारपीट कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद अस्पताल के अन्य कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने मरीज को बांधकर अन्य वार्ड में भर्ती करवाया। हिंदुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/संदीप




