जम्मू, 05 मई (हि.स.)। पुलिस ने तीन कुख्यात चोरों को गिरफ्तार करके चोरी की 11 बैटरियां बरामद करने का बुधवार को दावा किया है। मिली जानकारी के अनुसार बिशनाह के ऊपरी कनहाल गांव के निवासी निखिल शर्मा द्वारा बुधवार को लिखित शिकायत दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने यहकार्रवाई की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपनी मैटाडोरें जेके02-एएक्स-1629 और जेके02-एस-9847 ऊपरी कनहाल बिश्नाह में खड़ी की थीं और कुछ समय बाद वापस आ गया। वापसी पर उपर्युक्त मेटाडोरों की बैटरी चोरी हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर बिशनाह पुलिस ने मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद बिशनाह के थाना प्रभारी योगिन्द्र चिब के नेतृत्व में पुलिस दल ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान परमवीर सिंह पुत्र स्वर्गीय अवतार सिंह निवासी वार्ड 08 सैनिक कालोनी जिला जम्मू, मोनू शर्मा पुत्र काला राम निवासी सेक्टर 10, नानक नगर जम्मू और सुनील कुमार पुत्र राज कुमार निवासी मॉडल टाउन गंग्याल के रूप में हुई है। निरंतर पूछताछ के दौरान उन्होंने अपराध की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और बाद में पूछताछ के बाद उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने अपने सहयोगी गिरोह के सदस्यों की मदद से बिश्नाह और जम्मू जिले के अलग-अलग इलाकों से बैटरियां चोरी की हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अमरीक/बलवान




