खंडवा, 26 जून (हि.स.)। प्रदेश के वनमंत्री विजय शाह को एक युवक ने जान से मारने की धमकी देने के साथ ही इंटरनेट मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला सामने आया है। शनिवार को मंत्री शाह की शिकायत पर हरसूद थाना पुलिस ने आरोपित युवक पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा अब उसकी तलाश की जा रही है। वनमंत्री विजय शाह को धमकाने वाला यह युवक उनकी विधानसभा क्षेत्र के हरसूद का निवासी है। आरोपित मुकेश पुत्र काशीराम दरबार निवासी सेक्टरनंबर. पांच नया हरसूद ने वन मंत्री शाह के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर विकास कार्यो सहित अन्य मुद्दों को लेकर अर्नगल और आपत्तिजनक पोस्ट की गई है। उसने यह पोस्ट कई लोगों को टेग किया था। जिसमें मंत्री को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग उसने किया। इसके साथ ही मंत्री के वाट्स एप पर मैसेज कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले को लेकर मंत्री शाह ने लिखित में दस्तावेजों के साथ पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को शिकायत की थी। इस मामले में हरसूद एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने बताया कि आरोपित मुकेश दरबार पर प्रकरण दर्ज किया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित युवक मुकेश पर धारा 506 लगाई गई है। जमानती अपराध होने से आरोपित मुकेश को नोटिस भी भेजा गया है। हिन्दुस्थान समाचार/परमानंद/राजू




