-बाहरी रिंग रोड पर हुआ हिट एंड रन का मामला -पुलिस शव की पहचान करने में जुटी -शव के टुकड़ों को काफी मुश्किल से पुलिस ने इकट्ठा किया नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)।समयपुर बादली इलाके में बीती रात इंसानियत उस समय शर्मसार हो गई जब हिट एंड रन मामले में एक युवक की मौत हो गई। जिसके शव को कई वाहनों ने रौंदा, जिससे शव के टुकड़े तक हो गए। शव पर से अनगिनत वाहन गुजरे किसी ने भी पुलिस को सूचना देने की कोशिश नही की। वहाँ से जा रहे किसी वाहन चालक ने गाड़ी रोककर किसी तरह से पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामला दर्जकर शव की पहचान करने की कोशिश कर रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को बीती रात बाहरी रिंग रोड पर अलीपुर और स्वरूप नगर की तरफ से आने वाली छोटी पुलिया के पास एक युवक को किसी अज्ञात वाहन द्वारा रौंदने की जानकारी मिली थी। पुलिस मौके पर पहुँची, सड़क पर काफी दूर तक शव के छोटे छोटे टुकड़ों में पड़े हुए थे। अनगिनत वाहनो में बैठे लोगों ने शव को देख और आगे चल दिये। किसी ने भी पुलिस को खबर देने की कोशिश नही की। जबकि शव के टुकड़े वाहनो के नीचे आकर चिपक तक गए थे। पूरी सड़क पर शव के टुकड़े ही पड़े हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर किसी तरह से वाहनो को एक लाइन से निकाला और शव के टुकड़ों को इकठ्ठा कर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस को मौके पर से कोई ऐसा सबूत नही मिला,जिससे शव को पहचान हो पाती। पुलिस को शुरुआती जांच में लग रहा है कि युवक सड़क पार कर रहा होगा,जो किसी वाहन की चपेट में आ गया था। आसपास कोई सीसीटीवी कैमरे भी नही लगे हुए हैं, जिससे आरोपी चालक की पहचान हो पाती। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




