नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। दिल्ली भर के विभिन्न इलाकों में खास तौर से जियो के 50 से भी ज्यादा मोबाइल शोरूम का ताला तोड़ वहां से लाखों के मोबाइल उड़ाने वाले कुख्यात मेवाती गैंग एक शातिर सदस्य को दक्षिण-पश्चिम जिले की स्पेशल स्टाफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान तारीफ के तौर पर की गई है, जो हरियाणा के नूह का रहने वाला है। आरोपित पहले खुद अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल की दुकान चलाता था, बाद में कुछ बदमाशों के साथ मिलकर मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर चोरी करने लगा। पुलिस ने आरोपित के पास से एक देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद किया है, जिसके पास से 14 लूटे गए मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसके पास से चोरी की बाइक भी जब्त कर ली है। डीसीपी इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि गत 17 मई को दिल्ली कैंट इलाके में रात के समय एक कम्पनी के मोबाइल शोरूम का ताला तोड़कर सरे मोबाइल फोन चोरी किए जाने शिकायत मिली थी। शिकायत पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जिले की स्पेशल स्टाफ की टीम एसीपी अभिनेन्द्र जैन की निगरानी और इंस्पेक्टर राकेश शर्मा के नेतृत्व में एसआई मुकेश, संदीप, अनुज, एएसआई कृष्ण व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि पिछले कुछ माह के भीतर इस तरह से दिल्ली-एनसीआर के कई मोबाइल शोरूम में चोरी और लूट की वारदात हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह पता लगाया कि वारदात को अंजाम देने के पीछे मेवाती गैंग का हाथ है। पुलिस ने गैंग की निगरानी शुरू की और पता लगाया कि वारदात में शामिल एक आरोपित तारीफ चोरी की बाइक के साथ वसंत विहार इलाके में मोबाइल शोरूम की रेकी करने आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने वसंत विहार मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैप लगाया और मौके पर पहुंचे आरोपित को हथियार के साथ दबोच लिया। पुलिस ने उसकी चोरी की बाइक भी जब्त कर ली और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए मोबाइल बरामद कर लिए। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसका गैंग खास तौर से जीओ के मोबाइल शोरूम को टारगेट करता था। आरोपित ऐसे ही एक मामले में पहले भी गिरफ्तार हुआ था और दो माह पहले ही जेल से छूटा था। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी शर्मा




