बांसवाड़ा, 19 जून ( हि.स.)। बांसवाड़ा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर भूंगड़ा कस्बे में शनिवार सुबह क्रिकेट खेल रहे बच्चों का विवाद दो गुटों में तनाव की वजह बन गया। छोटे बच्चों की मारपीट के बीच युवाओं की टोली आमने-सामने हो गई। दुर्घटना में दो बच्चों गंभीर घायल होने की सूचना भी मिली है, लेकिन घायलों की ओर से कोई सामने नहीं आया। दूसरी ओर पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए हुड़दंगियों को गलियों-गलियों में दूर तक दौड़ाया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बाजार भी बंद करा दिया। इस बीच कस्बे के शांति समिति सदस्यों की थाने के समीप बैठक हुई। बैठक में 11 समाज के प्रतिनिधियों में एक गुट विशेष को घेरने की कोशिश की। इधर, उपद्रव की सूचना पर मानव तस्करी विरोधी यूनिट के इंस्पेक्टर हनुवंतसिंह भी मय जाप्ता भूंगड़ा थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले में दोनों गुटों से तीन-तीन युवाओं को फिलहाल गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य उपद्रवियों की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक कस्बे में शांति बनी रही। वहीं थाने के बाहर और कस्बे में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। नो बॉल ने बिगाड़ा माहौल सुबह करीब सात बजे यहां कलालवाड़ा के पीछे मैदान में क्रिकेट खेलने के लिए युवाओं की टोली जमा हुई। करीब 11 बजे नन्हें खिलाड़ियों के बीच नो बॉल का विवाद बढ़ गया। नो बॉल पर आउट और नोट आउट के विवाद के बीच खिलाड़ियों में कहासुनी मारपीट में बदल गई। तभी मैदान में झगड़े की सूचना सोशल मीडिया से बड़ों को मिल गई। इससे बाजार में हल्ला मच गया। सूचना पुलिस को भी मिली। छह जनों की गिरफ्तारी भूंगड़ा थानाधिकारी गजवीरसिंह ने बताया कि क्षेत्र में बच्चों के बीच मैच के दौरान में हल्की-पुल्की झपट हो गई थी। तभी दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। शांति व्यवस्था बिगाड़ रहे दोनों गुटों के तीन-तीन लोगों की गिरफ्तारी की है। कुछ अन्य चेहरों की तलाश की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/सुभाष/ ईश्वर




