राजगढ़, 10 जून (हि.स.)। बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चोरखेड़ी में गुरुवार दोपहर मकान के सामने जेसीबी से गड्डे खोदने की बात पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के 15 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस के अनुसार ग्राम चोरखेड़ी निवासी राजकुमार (27) पुत्र कालूराम रुहेला ने बताया कि मकान के सामने गड्डे खोदने की बात पर पड़ोसी मुकेश पुत्र देवीलाल रुहेला, देवीसिंह पुत्र किशनसिंह, हरीनारायण पुत्र प्रभूलाल, विक्रम पुत्र प्रभूलाल और चंदरसिंह पुत्र पन्नालाल रुहेला ने गालियां देते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे जगदीश, घनश्याम और राजकुमार घायल हो गए। वहीं देवीसिंह (54) पुत्र किशनसिंह रुहेला ने बताया कि घर के सामने गड्डे खोदने की मना करने पर गजराज पुत्र कालूराम, उसके भाई जगदीश, घनश्याम, सत्यनारायण, राजेश, कालूराम पुत्र मेहताबसिंह, भंवरीबाई पत्नी गजराजसिंह, ज्योतिबाई पत्नी सत्यनारायण सर्वनिवासी चोरखेड़ी, भगवानसिंह पुत्र अमृतलाल और धर्मेन्द्र पुत्र छोगमल निवासी चाठा ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें देवीसिंह को चोटें लगी। पुलिस ने दोनों पक्ष के 15 लोगों के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। हिन्दुस्थान समाचार/मनोज पाठक




