हरिद्वार, 27 मई (हि.स.)। लक्सर कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर अवैध शराब बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने एक शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है तथा शराब बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। साथ ही शराब बनाने में प्रयोग आने वाली 500 लीटर लहन नष्ट की गई है। वहीं एक शराब माफिया फरार होने में कामयाब हुआ। पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार व्यक्ति को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस चौकी भीकमपुर इन्चार्ज मनोज नौटियाल ने बताया कि बुधवार की रात्रि क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि ग्राम रामपुर रायघटी में एक व्यक्ति खेत में ट्यूबवेल की आड़ में भट्ठी चढ़ाकर कच्ची शराब बना रहा है। इस सूचना पर तत्काल पुलिस टीम के साथ ग्राम रामपुर रायघटी में बताये गये स्थान पर छापेमारी की गई। खेतों में ट्यूबवेल की आड़ में भट्ठी चढ़ाकर शराब उतारते हुये सतीश पुत्र राजपाल निवासी रामपुर रायघटी को मौके से गिरफ्तार किया है। वहीं उसका दूसरा साथी शिवम मौका पाते ही फरार हो गया। मौके से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। 500 लीटर लहन नष्ट की गई है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त सतीश ने बताया कि रात में भट्ठी लगाकर शराब बनाते हैं। फरार आरोपित की तलाश जारी है। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




