जयपुर/झुंझुनूं,20 मार्च (हि.स.)। झुंझुनूं जिले सूरतगढ़ थाना इलाके में शनिवार को खाटूश्याम दर्शन पैदल जा रहे तीन यात्रियों को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। इधर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) सुरेश शर्मा ने बताया कि हादसा सूरतगढ़ थाना इलाके में स्थित फरट चौराहे और कासनी के बीच हुई। शनिवार सुबह दस बजे तीन यात्री पैदल खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रहे थे। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने तीनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में झुंझुनूं जिला भावठड़ी निवासी प्रदीप शर्मा और अनिल शर्मा की मौत हो गई। वहीं झुंझुनूं जिला बुवानी खेड़ा निवासी मीना महिला घायल हो गई। जिसकी हालत ज्यादा गंभीर होने पर महिला को जयपुर रैफर किया गया है। पुलिस ने दोनों के शवों को मोर्चरी में रखवाने के साथ ही परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/संदीप




