मेरठ, 13 मई (हि.स.)। लॉकडाउन के दौरान सरधना थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात बदमाशों ने तीन घरों में जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने तीनों घरों से लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सरधना कस्बे में लोकप्रिय रोड पर बुधवार की देर रात फौजी एवन कॉलोनी में तीन घरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने साबिर पुत्र सत्तार के घर से 12 हजार की नकदी और लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। इसके साथ ही विनोद पुत्र कालू के घर से 35 हजार कैश और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बदमाशों ने कॉलोनी में रहने वाले रईसू के घर को भी निशाना बनाया। मगर यहां बदमाश सेफ के ताले नहीं तोड़ सके। घटना के समय तीनों ही घरों के मालिक परिवार सहित अपने घरों में ही सो रहे थे, लेकिन किसी को भी घटना की भनक तक नहीं लगी। गुरुवार को पीड़ितों को अपने घरों में हुई चोरी का पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ की। तीनों पीड़ितों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ घटना की तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सरधना का कहना है कि जल्दी ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। कस्बे में पुलिस गश्त को बढ़ाया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप




