नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। रोहिणी जिला की स्पेशल स्टाफ ने गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ गोगी और बदमाश दीपक उर्फ तीतर के साथी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश जीटीबी अस्पताल में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद कुलदीप उर्फ फज्जा को भगाने की वारदात में शामिल था। पुलिस ने बदमाश को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह अपने गांव में परिवार वालों से मिलने जा रहा था। डीसीपी प्रणव तायल ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान कराला गांव निवासी अमित माथुर के रूप में हुई है। दरअसल, बीते 25 मार्च को 11.30 बजे विचाराधीन कैदी गैंगस्टर कुलदीप उर्फ फज्जा को मंडोली जेल से इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल लाया गया था। इलाज के बाद जैसे ही उसे बाहर निकाला गया, वहां घात लगाकर बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और कुलदीप को लेकर फरार हो गए। इस दौरान एक बदमाश की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल बदमाश से पूछताछ में उन बदमाशों के बारे में पता चला जो कुलदीप को पुलिस हिरासत से भगाने में शामिल थे। उसके बाद से पुलिस उन बदमाशों पर लगातार निगरानी रख रही थी। 23 जून को स्पेशल स्टाफ को जानकारी मिली कि अमित माथुर अपने घर आने वाला है। इसके बाद निरीक्षक ईश्वर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कराला गांव में घेराबंदी कर अमित माथुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अमित ने कुलदीप उर्फ फज्जा को भागने के मामले में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। उसने बताया कि गैंगस्टर दीपक उर्फ तीतर उसका बचपन का दोस्त है और जेल से उसके दिए निर्देश पर कई आपराधिक वारदात में शामिल रहा है। पुलिस ने बताया कि अमित माथुर 12वीं तक पढ़ा है और कलस्टर बस में बतौर ड्राइवर काम करता है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




