जयपुर,19 मई (हि.स.)। चोरी की बाइक से राहगीरों से मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का बुधवार को पर्दाफाश कर बजाज नगर थाना पुलिस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की चार बाइक और लूटे गए सात मोबाइल बरामद किए है। डीसीपी पूर्व अभिजीत सिंह ने बताया कि गिरोह के बदमाश मनीष शर्मा (24) निवासी रोहित नगर प्रथम जयसिंह पुरा खोर ब्रह्मपुरी, राहुल साहू (21) निवासी वार्ड नंबर 11 साहू मोहल्ला चाकसू हाल रोहित नगर जयसिंह पुरा खोर ब्रह्मपुरी, तुलसी राम जाट (24) निवासी जटवाड़ा बस्सी और अनिल कुमार (23) निवासी जटवाड़ा बस्सी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्नैचिंग का मोबाइल ट्रेस करते हुए गिरोह के चारों बदमाशों को पकड़ा है। गिरोह ने पूछताछ में वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की करीब एक दर्जन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। जिन की निशानदेही पर चोरी की चार बाइक और सात मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरोह चोरी की बाइक से मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता है। ओने पौने दामों में बेचकर नशे की लत और मौज मस्ती को पूरा करते। पुलिस पूछताछ में गिरोह से कई अन्य वारदातों के खुलासे के साथ ही चोरी व लूट की माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/संदीप




