जयपुर,12 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में इन दिनों बदमाश बेखौफ होकर सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे है। रविवार रात को श्याम नगर इलाके में व्यापारी को गोली मारकर लूट की वारदात ने सनसनी फैलाई थी। इसके कुछ घंटे बाद ही प्रताप नगर इलाके में रंगदारी के लिए एक होटल के बाहर फायरिंग कर दी गई, जबकि गत दिनों प्रताप नगर इलाके में ही एसकेआईटी के बाहर प्रॉपर्टी व्यवसाई को गोली मारने वाले बदमाशों को पकड़ने में पुलिस बुरी तरह हांफ गई है। पुलिस ने बताया कि शिव विहार विस्तार, टोंक रोड निवासी दीपक कुमार शर्मा (25) का इंडिया गेट के पास चंद्र गेस्ट हाउस के नाम से होटल है। रविवार रात 11 बजकर 20 मिनिट पर उसके पास एक अनजान व्यक्ति का फोन आया, जिसने उससे कहा कि इन दिनों बहुत कमा रहे हो , थोड़ा हमारा भी ध्यान रखा करो। बात पूरी हो पाती इससे पहले फोन कट गया। इसके दस मिनिट बाद ही दीपक के मैनेजर का फोन आया कि होटल के बाहर अज्ञात बाइक सवार लड़के फायरिंग कर गए हैं। इस पर दीपक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/संदीप




