नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी जिले के मायापुरी इलाके में मंगलवार दोपहर शक की वजह से एक व्यक्ति ने युवक को चाकुओं से गोद डाला। चाकू लगने के बाद 32 वर्षीय सुरेश यादव को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वारदात के बाद आरोपी प्रमोद यादव को भीड़ ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रमोद ने आरोप लगाया है कि सुरेश उसकी पत्नी को भगाकर अपने साथ ले आया है। सुरेश ने इससे इनकार किया है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला सुरेश यादव टेंपो चालक है। लॉकडाउन से पूर्व सुरेश मायापुरी के मिथुन पार्क इलाके में टेंपो स्टैंड पर खड़ा होता था। लॉकडाउन हुआ तो वह अपने गांव वापस चला गया। करीब तीन माह पूर्व दिल्ली आने के बाद सुरेश महिपालपुर में बिहार के रहने वाले प्रमोद नामक जानकार के पास रूक गया और उसी इलाके में टेंपो चलाने लगा। अभी 10-15 दिन पहले सुरेश दोबारा से मायापुरी इलाके में आकर टेंपो चलाने लगा था। मंगलवार दोपहर को सुरेश मिथुन पार्क स्टैंड पर अपने टेंपो में लेटा हुआ था। उसी दौरान प्रमोद वहां पहुंचा और वह सुरेश से गाली-गलौज करने लगा। उसका कहना था कि सुरेश उसकी पत्नी को भगाकर अपने साथ ले गया है। सुरेश ने इनकार किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ कई बार उसके सीने और पेट पर वार कर दिया। शोर शराबा हुआ तो भीड़ ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




