छपरा, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र झौंवा ढाला के पास अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार एक युवक की आज मौत सड़क दुर्घटना में हो गई।वह दिघवारा थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी रामेश्वर राय के पुत्र 26 वर्षीय पिन्टु कुमार बताया गया है। परिजनों ने बताया कि अज्ञात वाहन के धक्के से घायल पिन्टु को इलाज के लिए दिघवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी। अवतार नगर थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ अवतार नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक का शव गांव में पहुंचते ही मातम छा गया और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर हाल बेहाल है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि युवक मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के क्रम में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। हिन्दुस्थान समाचार / गुड्डू




