बहराइच, 17 अप्रैल (हि.स.)। पयागपुर में पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या के मामले में गुमराह करने पर पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने पयागपुर थानाध्यक्ष मुकेश पांडेय को निलंबित कर दिया है। उनकी जगह पर सुजौली में तैनात रहे वरिष्ठ एसएसआई बृजानन्द सिंह को पयागपुर थाने का थानाध्यक्ष बनाया है। पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अकरौरा निवासी पूर्व प्रधान नीलम चौधरी के 45 वर्षीय बेटे धर्मेंद्र चौधरी की हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया गया था। शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने थाने व गोंडा-बहराइच हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया था। थाने का घेराव कर प्रदर्शन करने की जानकारी थानाध्यक्ष मुकेश पांडेय ने एसपी को नहीं दिया। लगातार एसपी को थानाध्यक्ष गुमराह करते रहे। एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए मामले को शांत कराया था। शनिवार को एसपी ने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया। हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/दीपक




