नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। असम के नगांव जिले के ढिंग इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए रेप के मुख्य आरोपी तफ्फजुल इस्लाम की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे जब पुलिस उसे क्राइम सीन पर ले जा रही थी, तब वह अचानक भागकर एक तालाब में कूद गया।
आरोपी का शव दो घंटे बाद बरामद हुआ
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने गोताखोर बुलाए और करीब दो घंटे बाद उसका शव तालाब से बरामद कर लिया गया। तफ्फजुल इस्लाम पर 14 साल की एक लड़की से रेप का आरोप था। पुलिस का कहना है कि अपराधी भागने की कोशिश करने लगा था और इलाके में एक झील में कूद गया था जिससे उसकी मौत हो गई ।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी है
पुलिस ने बताया कि गुरुवार 22 अगस्त की शाम को जब पीड़ित लड़की ट्यूशन से लौट रही थी, तब तीन आरोपी मोटरसाइकिल पर आए और उसे जबरदस्ती पकड़ लिया। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था और दूसरे को हिरासत में लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश अभी भी जारी है। उस पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और POCSO (The Protection of Children from Sexual Offences Act 2012) की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए थे।
असम के लोग प्रर्दशन कर रहे हैं
इस घटना के बाद, असम के नगांव में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए। पीड़िता की हालत गंभीर थी, जिसे नगांव मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि अपराधीयों को़ बख्शा नहीं जाएगा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि यह मानवता के खिलाफ अपराध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा। उन्होंने असम पुलिस के डीजीपी को घटना स्थल का दौरा करने और आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
पीड़िता की हालत बेहतर है- कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका
राज्य के कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका ने बताया कि पीड़िता की हालत अब बेहतर है और उन्होंने घटना के बाद ढिंग का दौरा कर पीड़िता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।





