बेगूसराय, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिले में ताड़ी (तार के पेड़ का रस) उतारने के दौरान तार के पेड़ से गिरने के कारण एक महादलित युवक की मौत हो गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरदिया गांव की है। मृतक की पहचान हरदिया निवासी बालेश्वर चौधरी के पुत्र सुरेश चौधरी उर्फ मुन्ना कुमार के रूप में की गई है। टना के संबंध में परिजनों ने बताया कि मुन्ना ताड़ी उतार कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी मुन्ना ताड़ी उतारने के लिए ताड़ के पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक ताड़ के पेड़ पर से गिर गया। घटनास्थल के आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची मुफस्सिल थाना की पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को शव सौंप दिया है तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र




