नई दिल्ली, रफ्तार। कुछ साल पहले तक भारी-भरकम एनपीए का सामना कर रहे भारतीय बैंक अब दुनिया के टॉप बैंकों को टक्कर दे रहे हैं। एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) दुनिया का 10वां सबसे बड़ा बैंक बन चुका है।स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) भी टॉप बैंकों की लिस्ट में हैं। बता दें, एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) की मार्केट वैल्यू साल 2024 की दूसरी तिमाही के अंत तक 17 फीसदी बढ़ी है। बैंक का मार्केट कैप 154.4 अरब डॉलर को पार कर गया है। पहले नंबर पर जेपी मॉर्गन चेस कायम है।
HDFC Bank 3 नंबर ऊपर आया
ग्लोबल डेटा (Global Data) के अनुसार एचडीएफसी (HDFC Bank), एसबीआई (SBI Bank) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) देश में सबसे ज्यादा लोन देने वाले बैंक हैं। तीनों बैंकों का मार्केट कैप में जून तिमाही में बढ़ा है। इस कारण ग्लोबल रैंकिंग में भी तीनों बैंक लगातार ऊपर चढ़े हैं। एचडीएफसी बैंक रैंकिंग में 3 नंबर ऊपर जाकर 10वें स्थान पर पहुंचा है। मजबूत तिमाही नतीजों, निवेशकों का पॉजिटिव रुख और बैंक के भविष्य को लेकर बढ़ती उम्मीद से यह उछाल है। 20 जुलाई को एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के तिमाही नतीजे आने वाले हैं।
18वें नंबर पर ICICI Bank
रिपोर्ट के अनुसार इस साल की पहली तिमाही में रॉयल बैंक ऑफ कनाडा (Royal Bank of Canada) 10वें नंबर पर था। आईसीआईसीआई बैंक की मार्केट वैल्यू जून तिमाही अंत में 11.5 फीसदी बढ़ा। यह 102.7 अरब डॉलर पहुंच चुका है। साथ ही बैंक टॉप-25 में 18वें नंबर पर है। टीडी बैंक (TD Bank) मार्च तिमाही में 18वें स्थान पर था। 27 जुलाई को आईसीआईसीआई बैंक के तिमाही नतीजे आने वाले हैं।
एसबीआई 21वें स्थान पर
भारत के सबसे बड़े बैंक एसबीआई का मार्केट कैप 11.9 फीसदी बढ़ा है। यह 90.1 अरब डॉलर हो गया। ग्लोबल रैंकिंग में एसबीआई 21वें नंबर पर आया है। मार्च तिमाही में यह स्थान अल राझी बैंकिंग एंड इनवेस्टमेंट (Al Rajhi Banking & Investment) के पास था। जून तिमाही अंत में टॉप-25 बैंकों के मार्केट कैप में 5.4 फीसदी का उछाल आया। यह 4.11 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े पर पहुंचा।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





